प्रस्तुति
मेदू वड़ा (Medu Vada) दक्षिण भारत का एक लोकप्रिय व्यंजन है जिसे नारियल की चटनी और सांभर के साथ परोसा जाता है। यह कुरकुरा और तला हुआ नाश्ता है इसे ज्यादातर इडली और डोसे के साथ परोसा जाता है। यह दक्षिण भारत का एक मुख्य व्यंजन भी है, जिसे न सिर्फ दक्षिण भारत में बल्कि पूरे देश में लोगों के द्वारा बहुत पसंद किया जाता है। इसका स्वाद ही इतना लाजवाब है कि आप इसे एक बार खाएं तो दोबारा खाना चाहेंगे।
मेदू वड़ा, उड़द की दाल और कुछ मसाले जैसे कि जीरा, कड़ी पत्ता, हरी मिर्च, काली मिर्च के साथ मिलाकर बनाया जाता है। अगर आप इसके घोल को बनाना सीख जाए तो आप घर पर ही होटल जैसा मेदू वड़ा आसानी से बना सकते हैं। जब भी लोग मेदू वड़ा बनाते हैं तो उन्हें सबसे परेशानी इसके घोल को लेकर ही होती है। आज हम जानेंगे वड़ा का घोल किस तरह से बनाएं की बेहतरीन वड़ा बनकर तैयार हो। चलिए हम विस्तार पूर्वक मेदू वड़ा बनाने की रेसिपी को सीखते हैं।
मेदू वड़ा (Medu Vada) बनाने की सामग्री
सफेद उड़द की दाल | एक कप |
पानी | आवयश्कता अनुसार |
तेल | तलने के लिए |
हरी मिर्च कटी हुई | 2 पीस |
अदरक कद्दूकस किया हुआ | 1 इंच |
नमक | स्वाद अनुसार |
जीरा | आधा चम्मच |
काली मिर्च | आधा चम्मच |
मेदू वड़ा (Medu Vada) बनाने का सही तरीका
1. सबसे पहले हम उड़द की दाल को एक बड़े बर्तन में डालेंगे और इसे दो से तीन बार साफ पानी से रगड़कर धोएंगे। क्योंकि इसमें पाउडर लगा होता है जिसे निकालना बहुत जरूरी है। इसलिए इसे अच्छे से धो लें।

2. उड़द की दाल को धोने के बाद इसमें तीन से चार गुना पानी डालें यानी कि हमने एक कप उड़द दाल लिया है तो हम यहां चार कप पानी डालेंगे। दाल को तीन से चार घंटे के लिए भिगोकर रख दें इतने समय में दाल अच्छे से फूल जाएगी।
यह भी पढ़ें: How To Make Crunchy, Crispy Moong Dal Pakoda | क्रिस्पी मूंग दाल के पकोड़े 10 मिनट में
3. अब दाल को निकाल कर स्टील की छन्नी में रखें इससे जो एक्स्ट्रा पानी होगा वह बाहर निकल जाएगा। पानी निकालने के बाद इसे मिक्सर ग्राइंडर में डालें और 2 चम्मच जितना पानी डालकर पीसें। दो-तीन बार ढक्कन खोलकर पानी डालें और मिलाएं उसके बाद फिर से पिसें।
4. अब ढक्कन खोल कर चेक करें अगर पेस्ट अच्छा से नहीं बना है तो दो से तीन चम्मच पानी और डालें फिर इसे ग्राइंड करें। उड़द दाल का एकदम स्मूथ पेस्ट बन जाएगा। पेस्ट बिल्कुल गाढ़ा ही रखना है अगर पतला हो जाए तो आधा चम्मच सूजी मिला दे पर ध्यान रखें और पानी कम डालें।
5. अब बैटर को एक बड़े बर्तन में खाली करें और इसमें आधा छोटा चम्मच नमक डालें। नमक डालने के बाद या तो आप एंटी क्लाकवाइज या फिर क्लाकवाइज फेंटे। दोनों साइड से ना फेंटे नहीं तो वड़े कुरकुरे नहीं बनेंगे। फेंटने के लिए विश्कर या चम्मच का इस्तेमाल न करें, आप हाथ से फेंटे। इससे आपके हाथ की गर्मी बैटर में जाएगी जो कि मेदू वड़ा (Medu Vada) को अंदर से जालीदार बनाएगा।
6. लगातार 5 से 7 मिनट तक फेंटने के बाद बैटर बिल्कुल फ्लफी और हल्का हो जाएगा। जिससे इसके वड़े बहुत बेहतरीन बनेंगे। यह खास टिप है। बैटर अच्छे से फेंटा गया है या नहीं यह जानने के लिए एक कटोरी में भर कर पानी लें और उसमें थोड़ा सा बैटर गोल करके डालें। अगर वह ऊपर तैरता है तो इसका मतलब है बैटर अच्छा है और अगर वह डूब जाता है तो आप थोड़ी देर के लिए और अच्छे से फेंटे।

7. अब एक कढ़ाई में तेल डालकर गर्म होने रख दें इसमें हम वड़े तलेंगे। दूसरी तरफ बैटर में दो हरी मिर्च कटी हुई, जीरा आधा चम्मच, काली मिर्च ज्यादा चम्मच, एक इंच अदरक कद्दूकस किया हुआ डाल दें। आप चाहे तो नारियल भी डाल सकते हैं। एक बार फिर से बेटर को मिक्स करें।
8. अब एक चमचा लें जिसका सरफेस चौड़ा हो इसके पीछे वाले सरफेस पर हम तेल लगा देंगे और थोड़ा सा बैटर लेकर उसे इसके ऊपर रखें और हल्का सा दबाते हुए फैलाएं फिर इसे बीच में उंगली से छेद कर दें। अब इसे तेल में डालें यह खुद ही चमचे से अलग हो जाएगा।
9. अब चम्मच को बाहर निकाले और किसी कपड़े से पोंछ दें। फिर से इस पर तेल लगाए और दोबारा थोड़ा सा बैटर डालकर इसी तरह फैलाएं और बीच में छेद बनाएं। इसी तरह से बार-बार मेदू वड़ा बनाएं और उसे तलें। जब वड़ा एक तरफ सुनहरा हो जाए तो उसे पलट कर दूसरे तरफ भी सुनहरा होने तक पकने दें।अब इसे निकाल कर टिशू पेपर पर रख दें जिससे एक्स्ट्रा तेल पेपर सोख लेगा।
अगर आप भी घर पर होटल जैसा मेदू वड़ा बनाना चाहते हैं तो ऊपर बताएं अनुसार तरीके से घर पर मेदू वडा (Medu Vada) बना सकते हैं आप हमें कमेंट कर जरूर बताएं। आपको हमारी यह रेसिपी कैसी लगी।
यह भी पढ़ें: Mouth Watering Potato Rings | जब समझ ना आए, क्या बनाएं तो – पोटैटो रिंग्स है बेस्ट स्नैक्स