प्रस्तुति
आज हम बनाएंगे पारंपरिक आम का अचार (Mango Pickle)। जिसे सालों से हमारी दादी नानी बनाती आई हैं, बिल्कुल उसी तरीके से बनाएंगे। आप सबने दादी नानी के बनाए अचार तो जरूर खाए होंगे। उनके हाथों में जो जादू है वह हमें खाने में मिलता है। यह अचार 1 साल तो क्या तीन-चार साल तक खराब नहीं होंगे।
पुराने समय में हर मौसम में सब्जियां नहीं होती थी जिस कारण लोग सब्जियों का ही अचार बनाकर रखते थे। जिससे जिस मौसम में सब्जी ना मिले तो अचार का इस्तेमाल किया जा सके। अचार का टेस्ट ही इतना मज़ेदार होता है कि नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। मैंने तो बचपन में अचार चुरा कर बहुत बार खाए हैं क्या आपने भी खाया है हमें कमेंट कर जरूर बताएं।
अचार बनाते समय कई सारी समस्याएं आती है जैसे आम गलेगा या नहीं, कितने दिनों तक धूप दिखाना है, क्या छाया में भी अचार बनाए जा सकते हैं, आम के साथ मसाले की क्वांटिटी कितनी रखनी है, कौन से मसाले इस्तेमाल करने हैं, कितने दिनों में आचार बनकर तैयार हो जाता है इन सभी सवालों के जवाब हम लेकर आए हैं हमारी आज की रेसिपी आम का अचार में। चलिए बिना देर किए रेसिपी को शुरू करते हैं।

आम का अचार (Mango Pickle) बनाने के लिए सामग्री
आम | 1 किलो |
मेथी दाना | 25 ग्राम |
सौंफ | 27 ग्राम |
पीली सरसों | 40 ग्राम |
जीरा | 15 से 20 ग्राम |
अजवाइन | 1 चम्मच |
कलौंजी | आधा चम्मच |
हिंग | आधा छोटा चम्मच |
सरसों का तेल | 250 ग्राम |
हल्दी पाउडर | दो चम्मच |
नमक | 45 ग्राम |
कश्मीरी लाल मिर्च | दो चम्मच |

आम का अचार (Mango Pickle) बनाने की विधि
1. आम का अचार बनाने के लिए जब आप आम खरीदें तो कुछ बातों का ध्यान रखें जैसे गुदेदार आम हो, आम पर किसी तरह के दाग़ ना हो, वे दबे हुए ना हो।
2. पारंपरिक आम का अचार बनाने के लिए आम को अच्छे से दो-तीन पानी रगड़ कर धो लें। इससे उसके ऊपर लगी गंदगी साफ हो जाएगी। अब आम को 5 से 7 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें।
3. बाद में आम को निकाले और रगड़कर पोंछ दें। अब इसके छोटे-छोटे टुकड़े करें बीज को हटा दें और एक बड़े कपड़े में आम के टुकड़े को फैला दें।
4. अब फैलाए हुए आम को 1 दिन के लिए धूप लगा दें, ज्यादा दिन नहीं लगाना है बस आम थोड़े मुरझाए से दिखने चाहिए।
5. आम को सुखाने का कारण यह है कि इससे आम का अचार खराब नहीं होगा लंबे समय तक।
6. अब सूखे हुए आम में एक चम्मच हल्दी पाउडर दो चम्मच नमक डालकर मिला दें और इसे थोड़ी देर ऐसे ही छोड़ दें अब इसे ढक कर एक दिन के लिए छोड़ दें।
7. ऐसा करने से आम सॉफ्ट हो जाते हैं इन्हें हाथों से मसला जा सकता है।अब हम अचार के लिए मसाला तैयार करेंगे।
8. मसाले के लिए हम लेंगे मेथी दाना 25 ग्राम, सौंफ 27 ग्राम, पीली सरसों 40 ग्राम, जीरा 15 से 20 ग्राम अब इन सभी मसाले को कढ़ाई में थोड़ी देर रोस्ट कर लेंगे 2 मिनट तक भूनने के बाद इसकी खुशबू आने लगेगी तो गैस बंद कर दें।
9. अब इसे एक प्लेट में निकाल कर ठंडा होने दें और थोड़ी देर में दरदरा पीस लें।
10. पिसे हुए मसाले को आम वाले बोल में डाल दें साथ ही एक चम्मच हल्दी पाउडर 45 ग्राम नमक, दो चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच अजवाइन, आधा चम्मच कलौंजी, आधा छोटा चम्मच हिंग डाल दें। अचार में हींग जरूर डालें और हींग अच्छी क्वालिटी का डालें इससे बहुत अच्छा फ्लेवर आता है।

11. अब 250 ग्राम सरसों का तेल अच्छी क्वालिटी वाला आम के बोल में धीरे-धीरे डालें और अच्छे से मिलाएं। यहां हमने तेल को गर्म नहीं किया है तेल की क्वालिटी अच्छी है इसलिए गर्म करने की जरूरत नहीं है।
12. अब चम्मच से आम को मसाले के साथ अच्छे से मिलाऐं। आम का अचार (Mango Pickle) बहुत ही स्वादिष्ट बनेगा बिल्कुल ट्रेडिशनल तरीके से जैसा हमारी दादी नानी बनाती थी।
13. बोल को अच्छे से ढक कर 10 दिन के लिए धूप दिखाना है आप सुबह इस धूप में रख दें और शाम को अंदर ले आए इस शीत न लगने दें। इसे हर रोज एक से दो बार चला दें, जिससे मसाले ऊपर नीचे मिल जाएं।
14. अब इस अचार को कांच की बरनी या चीनी मिट्टी के बर्तन में डालें साथ ही दो-तीन चम्मच और तेल डाल दें अगर जरूरत ना हो तो छोड़ दें। इस तरह अचार बनाने में हमें 16 दिन का समय लगा। अब तैयार आम के अचार (Mango Pickle) को जब मन हो खा सकते हैं।