प्रस्तुति
Kundru Bhujia, कुंदरु की भुजिया: गर्मीयों के आते ही हमें मार्केट में कई तरह की सब्जियां दिखती हैं और सबसे ज्यादा कुंदरु देखने को मिलती है जिसे कुंदरी भी कहते हैं। इसका टेस्ट हल्का सा खट्टा होता है इसकी भुजिया बनाई जाए या सब्जी दोनों ही स्वादिष्ट लगती है। कुंदरू को लेकर लोगों में धारणा बनी हुई है कि यह बुद्धि नाशक है इसका अर्थ है कि कुंदरू खाने से लोगों में बुद्धि की कमी होने लगती है।
ऐसा वह चाणक्य के एक श्लोक का हवाला देते हुए कहते हैं परंतु वैज्ञानिक शोधों में ऐसा कहीं भी प्रमाणित नहीं होता है कि कुंदरू खाने से बुद्धि का नाश होता है यह केवल एक गलत धारणा बनी हुई है। जबकि कुंदरु में कई ऐसे पोषक तत्व है जो हमारे शरीर के लिए फायदेमंद है इसलिए कुंदरू की भुजिया (Kundru Bhujia) को अपने डेली मिल्स में शामिल कर सकते हैं।
यह हो सकता है कि कुछ लोगों को कुंदरू खाने से पेट खराब या चक्कर आने जैसी समस्या हो सकती है, परंतु यह सभी के साथ हो ऐसा नहीं है इसलिए आप बेफिक्र होकर कुंदरू खा सकते हैं। गांव में ऐसा भी कहा जाता है कि कुंदरु लड़कों को नहीं खाना चाहिए जबकि यह सभी गलत धारणाएं हैं। कुंदरू एक सामान्य सब्जी है बाकी सब्जियों की तरह इसमें भी कई तरह के पोषक तत्व है जो हमारे शरीर के लिए फायदेमंद है इसका सेवन करने से बुद्धि कम होने का कोई प्रमाण नहीं मिलता है। इन्हीं बातों के साथ चलिए हम हमारी रेसिपी कुंदरू की भुजिया को सीखते हैं।
कुंदरू की भुजिया (Kundru Bhujia) बनाने की सामग्री
कुंदरू | 300 ग्राम |
सरसों, जीरा, मेथी और हींग | तड़का के लिए |
हल्दी पाउडर | आधा चम्मच |
लाल मिर्च पाउडर | आधा छोटा चम्मच |
धनिया पाउडर | आधा छोटा चम्मच |
नमक | 1 चम्मच |
आमचूर पाउडर | आधा चम्मच |
कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर | आधा चम्मच |
तेल | 3 चम्मच |
लहसुन कुटा हुआ | 1 चम्मच |
कुंदरू की भुजिया (Kundru Bhujia) बनाने का तरीका
1. कुंदरू की भुजिया बनाने के लिए सबसे पहले कुंदरू को 2 से 3 पानी से रगड़ कर धो लें। इससे ऊपर की गंदगी निकल जाएगी और कुंदरु साफ हो जाएगा। अब इसे जालीदार छन्नी में डालकर रख दें इससे एक्स्ट्रा पानी निकल जाएगा।
2. अब कुंदरू के आगे और पीछे के हिस्से को थोड़ा-थोड़ा चाकू से काट लेंगे और इसे लंबाई में चार टुकड़ों में काट लेंगे। आप चाहें तो इसे गोल टुकड़े में भी काट सकते हैं यह आपकी इच्छा पर है।

3. अब एक कढ़ाई गैस पर चढ़ाएं और इसमें दो से तीन चम्मच तेल डालें तेल गर्म हो जाए तो इसमें सरसों, जीरा, मेथी और हींग का तड़का लगाएं। जब तड़का चटकने लगे तो कटी हुई कुंदरु डाल दें और मिक्स करते हुए चलाएं।
4. कुंदरू को हाय फ्लेम पर 4 से 5 मिनट तक चलाते हुए फ्राई करें जब यह हल्का सुनहरा दिखने लगे तो इसमें मसाले ऐड करें। इसे कभी हाय और कभी मीडियम फ्लेम पर रखकर भुनें।
5. अब इसमें मसाले डालें, मसाले में आधा चम्मच हल्दी पाउडर, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर एक छोटा चम्मच धनिया पाउडर, एक चम्मच नमक, नमक आप अपनी स्वाद अनुसार डालें अगर आप हल्का नमक खाते हैं तो कम डालें यहां हमने एक चम्मच नमक इस्तेमाल किया है।
यह भी पढ़े: Simple But Finger-Licking Aaloo Pyaz Dry Curry | कम मसाले, ज्यादा स्वाद – आलू प्याज की सूखी सब्जी
6. अब कुंदरू को मसाले के साथ अच्छे से मिक्स करें और इसे ढक कर 10 मिनट के लिए पकाएं। गैस की फ्लेम लो पर रखें इससे मसाले जलेंगे नहीं और बीच-बीच में भुजिया (Kundru Bhujia) को चलाते रहें। इससे धीरे-धीरे कुंदरु भी पक जाएगा और मसाले जलेंगे भी नहीं।
7. आधा पकाने के बाद इसमें एक चम्मच कुटा हुआ लहसुन डालें इससे भुजिया का स्वाद बहुत बेहतरीन आता है। अगर आप लहसुन नहीं खाते हैं तो इसे ऐसे भी बना सकते हैं कुंदरू की भुजिया तब भी उतना ही स्वादिष्ट लगेगा।

8. लगभग 10 से 15 मिनट बाद ढक्कन हटाकर कुंदरू की भुजिया को चलाएं और कुंदरू को दबाकर चेक करें अगर यह पक गया हो तो गैस बंद कर दें। और अगर नहीं पका हो तो 5 से 10 मिनट ढक कर पकाएं।अभी इस स्टेज में इसमें आधा छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और आधा चम्मच अमचूर पाउडर मिलाएं इससे सब्जी का टेस्ट और बेहतरीन आएगा और यह (Kundru Bhujia) देखने में भी बहुत सुंदर लगेगा।
9. इस तरह बहुत ही कम समय और मसाले में तैयार होने वाली कुंदरू की भुजिया (Kundru Bhujia) टेस्टी और हेल्दी है। इसे आप रोटी, फूल्के या चावल के साथ परोस सकते हैं।
यह भी पढ़ें: Try This Irresistible, Baigan Bhaja | हर बाइट में लाज़वाब स्वाद- 5 मिनट में बनाएं बैगन भाजा