प्रस्तुति
लिट्टी चोखा (Litti Chokha): चाहे हो रविवार की छुट्टी या बदलते मौसम का मजा ऐसे में अगर कुछ तीखा और चटपटा मिल जाए तो बात ही कुछ और है। अगर आप भी रोज के खाने से बोर हो चुके हैं और छुट्टियों में कुछ स्पेशल, चटपटा और मसालेदार बनाना चाहते हैं तो आप बिहार का फेमस डिश लिट्टी चोखा (Litti Chokha), तीखी चटनी के साथ बना सकते हैं। यह खाने में बहुत टेस्टी होता है और हेल्थ के लिए भी बहुत अच्छा होता है इसमें तेल की मात्रा ना के बराबर होता है जिससे यह बाकी डिशेज से ज्यादा हेल्दी होता है।
समय: 1 घंटा
चोखा बनाने की सामग्री
बैगन | 1 मीडियम साइज का |
आलू | 4 मीडियम साइज का |
टमाटर | 2 मीडियम साइज का |
हरी मिर्च | अपने मन के अनुसार |
बारीक कटी हुई धनिया | थोड़ी सी |
लहसुन की कली | चार पीस |
नमक | स्वाद अनुसार |
तेल | एक चम्मच |
भुना जीरे का पाउडर | 1/2 चम्मच |

लिट्टी के लिए चोखा बनाने की विधि
सबसे पहले हम चोखा बनाएंगे इसके लिए हम एक मीडियम साइज का बैगन लेंगे। बैगन के चारों तरफ हल्का सा तेल लेकर चारों तरफ लगा देंगे,तेल लगाने से बैगन का छिलका उतारने में आसानी होती है। उसे चाकू की मदद से हल्का चीरा लगाकर देख लेंगे उसे कटे हुए हिस्से पर लहसुन घुसा देंगे और मीडियम आंच पर पकाएंगे। साथ ही साथ हम चार मीडियम साइज के आलू लेंगे और उसे धोकर कुकर में आधा गिलास पानी डालकर 3 सीटी आने तक उबाल लेंगे। बीच-बीच में बैगन को उलट पलट कर सेकेंगे।
जब तक बैगन पक रहे हैं, हम दो टमाटर लेंगे उन्हें धोकर गैस पर जाली डालकर पकाएंगे। जब ये सभी पक जाएं तो इनके छिलके उतार कर एक बड़े पतीले में डालेंगे और एक मैशर की हेल्प से मैश कर लेंगे। अब इसमें दो कटी हुई हरी मिर्च, स्वाद अनुसार नमक ,आधा छोटी चम्मच तेल और जीरे का पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स करेंगे। स्वाद बढ़ाने के लिए कटी हरी धनिया भी मिलाएंगे।
हरी धनिया चटनी बनाने की विधि
धनिया की चटनी बनाने के लिए हमें लगभग 50 से 60 ग्राम हरी धनिया चार से पांच कली लहसुन की और एक हरी मिर्च साथ ही इमली का पल्प यदि यह ना हो तो टमाटर या निम्बू का रस ले सकते हैं, अब स्वाद अनुसार नमक लें। थोड़ा सा पानी डालकर सभी को अच्छे से मिक्सर में ग्राइंड कर लें।

लिट्टी के लिए सत्तू की सामग्री
चने का सत्तू | एक कप |
प्याज बारीक कटा हुआ | एक पीस |
अदरक लहसुन का पेस्ट | 1/2 चम्मच |
जीरा और काली मिर्च का पाउडर | 1/2 चम्मच |
आमचूर पाउडर | 1/2 चम्मच |
चाट मसाला | 1/2 चम्मच |
आम अचार का मसाला | 1/2 चम्मच और स्वाद अनुसार |
नमक | स्वाद अनुसार |
हरी मिर्च कटिंग | दो पीस |
लिट्टी का सत्तू मसाला बनाने के लिए ऊपर बताए गए सभी सामग्री को एक बड़े बर्तन में डालकर मिलाऐं और हल्का पानी डालकर मिक्स करें ध्यान रखें इसे गिला नहीं करना है। चने के सत्तू में फाइबर होता है जिससे यह पेट को बहुत देर तक भरा रखता है जिससे हमें बार-बार भूख नहीं लगती है और वजन घटाने में सहायता मिलती है। सत्तू हमारे डाइजेस्टिव सिस्टम के लिए बहुत अच्छा है और यह कब्ज, गैस जैसी परेशानियों को दूर करने में मदद करता है। यह शरीर से कोलेस्ट्रॉल को भी कम करता है।
यह भी पढ़ें: Refreshing Aam Panna for this Hot Summer: ताज़गी से भरपूर आम पन्ना या आम झोरा

लिट्टी का आटा
लिट्टी बनाने के लिए हम दो कप आटा लेंगे इस आटे में आधा छोटा चम्मच अजवायन स्वाद अनुसार नमक और एक चम्मच रिफाइंड तेल या घी डालकर अच्छे से मिलाएंगे। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डाल कर आटा को गूंथेंगे। ध्यान रहे हमें आटे को फुल्के के आटे से सख्त लगाना है जिससे हमारी लिट्टी अच्छे से सिकेगी और कुरकुरी बनेगी।

लिट्टी बनाने का तरीका
परफेक्ट लिट्टी बनाने के लिए हम आटे की छोटी लोई लेंगे और उसे उंगलियों की सहायता से कटोरी का आकार देंगे अब उस आटे में सत्तू का मसाला डालकर हल्के हाथों से मिलाते हुए उसे वापस गोल आकार बना देंगे। अब इस लिट्टी को आग पर सेकेंगे। आप चाहे तो लिट्टी को इंडक्शन पर जाली डालकर सेंक सकते हैं जैसे ऊपर फोटो में दिखाया गया है, या गैस पर बना रहे हो तो एक पतीले को प्री हिट कर ले और स्टैंड डालकर लिट्टी को ब्राउन होने तक पकाएं अब गरमा गरम लिट्टी को चिमटे की सहायता से पिघली हुई घी में डुबोकर निकाल लेंगे।
इस तरह तैयार हो जाता है हमारा टेस्टी चटपटा और जायकेदार बिहार का फेमस और स्पेशल लिट्टी चोखा (Litti Chokha) और तीखी चटनी। तैयार लिट्टी चोखा को, धनिया की तीखी चटनी और सलाद के साथ सर्व करें आप इसे मेन कोर्स या स्नैक्स के रूप में परोस सकते हैं।

यह भी पढ़ें: Healthy, Yummy and Sweet Lassi: हेल्दी, स्वादिष्ट और मीठी लस्सी