प्रस्तुति
आज हम बनाने वाले हैं ड्रमस्टिक यानी सहजन आलू की सब्जी (Drumstick Potato Curry) इसे मोरिंगा भी कहा जाता है। इस सब्जी को फुल्के या चावल के साथ खाया जाता है यह दोनों में ही स्वादिष्ट लगती है। ड्रमस्टिक हमारे शरीर के लिए बहुत ही फायदेमंद है डॉक्टर भी इसे खाने की सलाह देते हैं। ड्रमस्टिक को चबाकर खाने से हमारे दांतों की एक्सरसाइज भी हो जाती है। इसे अलग-अलग जगह पर भिन्न-भिन्न तरीके से बनाया जाता है कुछ लोग इसकी सूखी सब्जी तो कुछ ग्रेवी वाली बनाते हैं। आज हम सहजन आलू की ग्रेवी वाली सब्जी बनाएंगे। अगर आपको सहजन ना पसंद हो तो एक बार इससे होने वाले फायदों के बारे में जरूर पढ़ लें उसके बाद आप इसे खाने से खुद को रोक नहीं पाएंगे।
सहजन खाने के फायदे
1. सहजन में कैल्शियम आयरन और फास्फोरस पाया जाता है जो बढ़ते बच्चों के लिए और बुजुर्गों के लिए बहुत फायदेमंद है यह हड्डियों को मजबूत करता है।
2. यह हमारी इम्यूनिटी को बूस्ट करता है इसमें भरपूर मात्रा में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं आप इसका सूप बनाकर भी पी सकते हैं।
3. सहजन खाने से पाचन से जुड़ी समस्या दूर हो जाती है सहजन में भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जो कब्ज जैसी समस्याओं से मुक्ति दिलाता है। यह हमारी आंतों के लिए भी बेहतरीन माना जाता है।
4. यह हाई ब्लड प्रेशर से जल्दी राहत दिलाता है अगर किसी को हाई ब्लड प्रेशर की प्रॉब्लम है तो उसे सहजन का सूप पीना चाहिए इससे बीपी कम हो जाती है।
5. यह हमारे गुर्दे में पथरी के विकास को कम करता है और शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालकर डिटॉक्स करता है।

सहजन आलू की सब्जी (Drumstick Potato Curry) बनाने की सामग्री
सहजन | 10 पीस |
आलू मीडियम साइज के | 2 से 3 पीस |
प्याज मीडियम साइज के | 2 पीस |
लहसुन की कली | 4 से 5 पीस |
अदरक | आधा इंच का |
काजू और नारियल | 4 से 5 पीस |
टमाटर मीडियम साइज का | 2 पीस |
धनिया पत्ती | आधा कप |
तेल | आवश्यकता अनुसार |
जीरा, तेज पत्ता, लाल मिर्च, दालचीनी | फोरन के लिए |
हल्दी पाउडर | आधा चम्मच |
धनिया पाउडर | आधा चम्मच |
नमक | 1 चम्मच |
लाल मिर्च पाउडर | आधा चम्मच |
गरम मसाला | आधा चम्मच |
सहजन आलू की सब्जी (Drumstick Potato Curry) बनाने का तरीका
1. सहजन आलू की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले सहजन को 2 इंच बराबर टुकड़े में काट लें और साथ ही चाकू से छील भी दें। अब इसे पानी से अच्छे से धो दें।
2. मीडियम साइज के आलू को छीलकर बड़े टुकड़े में काट लें और पानी में डाल कर रख दें इससे यह काला नहीं पड़ेगा।

3. अगले स्टेप में एक बड़े बर्तन में पानी गर्म कर सहजन के टुकड़े को डाल दें हल्का सा हल्दी और नमक डालकर थोड़ी देर मीडियम आंच पर ढक कर पकाएं इससे सहजन सॉफ्ट हो जाएगा।
4. अब एक कढ़ाई गैस पर गर्म करें उसमें दो चम्मच तेल डालें और दो मीडियम साइज के कटे हुए प्याज, चार लहसुन की कली आधा इंच अदरक डालकर फ्राई करें।
5. प्याज में थोड़े से काजू और सूखे नारियल का दो टुकड़ा डालकर 2 मिनट तक चलाएं और निकाल कर मिक्सर ग्राइंडर में डाल दें।

6. अब इसे थोड़ी देर ठंडा होने दें और इस प्याज और मसाले में 2 मीडियम साइज के टमाटर और थोड़ी सी धनिया पत्ती डालकर पेस्ट बना लें।
7. कढ़ाई में जो तेल बचा है उसमें आलू को सुनहरा होने तक भून लें और उसे बाहर एक प्लेट में निकाल कर रख दें।
8. उसी कढ़ाई में एक चम्मच तेल डालें और कुछ सूखे मसाले जैसे जीरा, तेज पत्ता, एक दालचीनी, लाल मिर्च डालकर चटकने दें।
9. अब जो मसाले का पेस्ट बनाया था उसे कढ़ाई में डालें और थोड़ी देर मीडियम फ्लेम पर फ्राई करें जब मसाला तेल छोड़ना शुरू कर दे तो आधा गिलास पानी डालें ।
10. इसी स्टेज पर मसाले ऐड करेंगे एक चम्मच नमक आधा चम्मच हल्दी पाउडर , धनिया पाउडर , मिर्च पाउडर डालकर अच्छे से मिलाएं।
11. अब इस मसाले को 5 मिनट ढक कर पकाएं, इससे मसाले का कच्चापन खत्म हो जाएगा और वे अच्छे से मिक्स हो जाएंगे।
12. मसाले इतनी देर में पक गए होंगे अब भुने हुए आलू डालें और एक ग्लास पानी डालकर ढक कर 5 मिनट पकाएं।
13. दूसरी तरफ हमारे सहजन इतने देर में सॉफ्ट हो गए होंगे। उन्हें निकाल कर मसाले और आलू के साथ डाल दें और 5 से 7 मिनट के लिए पकाएं।
14. जैसे ही सब्जी का पानी सूखने लगे और ग्रेवी गाढ़ी होने लगे गैस बंद कर दें, आधा चम्मच गरम मसाला डालें और कटी हुई हरी धनिया डालकर मिक्स करें।
15. अब इस तैयार सहजन आलू की (Drumstick Potato Curry) सब्जी को गरमा गरम फुल्के या चावल के साथ सर्व करें यह बहुत ही स्वादिष्ट और पोषण से भरी हुई झटपट बनने वाली सब्जी है।
यह भी पढ़ें: Quick and Nutritious Torai Sabzi- Even Kids Love| सिंपल लेकिन टेस्टी – मसालेदार तोरई की सब्जी रेसिपी